गहलोत मंत्रिमंडल का पुनर्गठन, 11 केबिनेट और 4 राज्यमंत्रियों ने ली शपथ

गहलोत मंत्रिमंडल का पुनर्गठन, 11 केबिनेट और 4 राज्यमंत्रियों ने ली शपथ

राजस्थान में मंत्रिमंडल पुनर्गठन

मंत्रिमंडल के सभी 30 पद भरे

जयपुर। राज्यपाल कलराज मिश्र ने रविवार को राजभवन में आयोजित समारोह में गहलोत सरकार के 15 नए मंत्रियों को शपथ ग्रहण कराई। इनमें 11 केबिनेट और 4 राज्यमंत्री शामिल हैं।

राज्यपाल मिश्र ने समारोह में हेमाराम चौधरी, महेन्द्रजीत सिंह मालवीय, रामलाल जाट, महेश जोशी, विश्वेन्द्र सिंह, रमेश मीणा, ममता भूपेश बैरवा, भजनलाल जाटव, टीकाराम जूली, गोविन्दराम मेघवाल एवं शकुन्तला रावत को केबिनेट मंत्री के पद की शपथ दिलाई। इसके बाद बृजेन्द्र सिंह ओला, मुरारीलाल मीणा, राजेन्द्र गुढ़ा एवं जाहिदा खान को राज्य मंत्री के पद की शपथ दिलाई गई।

नए केबिनेट मंत्री

1. महेन्द्रजीत सिंह मालवीय
– सीएम अशोक गहलोत के करीबी।
– आदिवासी अंचल के कद्दावर विधायक।
– बांसवाड़ा की बागीदौरा से कांग्रेस विधायक।
– गहलोत सरकार में केबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

2. डॉ. महेश जोशी
– सीएम अशोक गहलोत के करीबी।
– अभी सरकारी मुख्य सचेतक के पद पर हैं।
– जयपुर संभाग से बड़ा चेहरा।
– जयपुर से लोकसभा सांसद रह चुके।

3. हेमाराम चौधरी
– मारवाड़ अंचल के कद्दावर जाट नेता।
– बाड़मेर के गुढ़ामालानी से विधायक।
– विधानसभा में रह चुके नेता प्रतिपक्ष।
– गहलोत सरकार के दूसरे कार्यकाल में रहे केबिनेट मंत्री।

4. विश्वेंद्र सिंह
– भरतपुर राज परिवार के सदस्य।
– पहले पायलट अब गहलोत के समर्थक।
– पायलट कैंप का साथ देने पर किए गए थे मंत्रिमंडल से बर्खास्त।

5. रामलाल जाट
– सी.पी. जोशी और गहलोत के समर्थक।
– भीलवाड़ा के मांडल से विधायक।
– मेवाड़ में पार्टी का चिर-परिचित जाट चेहरा।
– गहलोत सरकार के दूसरे कार्यकाल में रह चुके मंत्री।

6. शकुन्तला रावत
– मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की समर्थक।
– बानसूर से लगातार दूसरी बार विधायक।
– महिला गुर्जर नेता के तौर पर चर्चित।
– कांग्रेस आलाकमान के यहां सीधी पहुंच।

7. रमेश मीणा
– सचिन पायलट के समर्थक।
– करौली के सपोटरा से लगातार तीसरी बार विधायक।
– पूर्वी राजस्थान के कद्दावर मीणा नेता।
– भाजपा सांसद किरोड़ी मीणा का तोड़ माना जाता है।

8. ममता भूपेश
– सीएम गहलोत की समर्थक।
– दिल्ली दरबार में सीधी पहुंच।
– राज्य मंत्री से केबिनेट में प्रमोट।
– दौसा के सिकराय से दूसरी बार विधायक।

9. गोविंद राम मेघवाल
– बीकानेर के खाजूवाला से विधायक।
– मुख्यमंत्री गहलोत के समर्थक।
– बीकानेर संभाग से बड़ा दलित चेहरा।

10. भजन लाल जाटव
– सीएम गहलोत के समर्थक।
– वैर-भुसावर से दूसरी बार विधायक।
– राज्य मंत्री से केबिनेट में प्रमोट किए गए।

11. टीकाराम जूली
– कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह के करीबी।
– अलवर ग्रामीण से विधायक।
– राज्यमंत्री से केबिनेट में प्रमोट किए गए।

ये बने नए राज्यमंत्री

1. बृजेंद्र ओला
– सचिन पायलट के करीबियों में शुमार।
– सियासी बाड़ाबंदी में थे पायलट कैंप में।
– झुंझुनूं से लगातार तीसरी बार विधायक।
– दिग्गज जाट नेता शीशराम ओलाा के पुत्र।
– गहलोत सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी रह चुके मंत्री।

2. मुरारी मीणा
– सचिन पायलट के समर्थक।
– दौसा से कांग्रेस विधायक।
– गहलोत सरकार के दूसरे कार्यकाल में रह चुके मंत्री।

3. राजेन्द्र गुढ़ा
– मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थक।
– बसपा विधायकों का कांग्रेस में विलय कराने में अहम रोल।
– झुंझुनूं के उदयपुवाटी से कांग्रेस विधायक।
– गहलोत सरकार के दूसरे कार्यकाल में रह चुके राज्यमंत्री।

4. जाहिदा खान
– सीएम गहलोत की समर्थक।
– मेव समुदाय में बड़ा नाम।
– भरतपुर के कामां से दूसरी बार विधायक।
– दिवंगत मेव नेता चौधरी तैयब हुसैन की बेटी।

इन 12 जिलों से कोई मंत्री नहीं

मंत्रिमंडल पुनर्गठन के साथ ही अब मंत्रिमंडल के सभी 30 पद भर गए हैं। 12 जिले ऐसे हैं, जहां से कोई मंत्री नहीं बन सका। इनमें उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, सिरोही, धौलपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू, अजमेर, सीकर जिले शामिल हैं।

जो मंत्री नहीं बने उन्हें एडजस्ट करेंगे : गहलोत

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सीएम अशोक गहलोत ने कांग्रेस विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि जो मंत्री नहीं बन पाए हैं, उनकी भूमिका कम नहीं है। जो बच गए हैं उन्हें एडजस्ट किया जाएगा।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus (0 )